::: अखिल भारतीय साहित्य परिषद बिहार के तत्वावधान में आयोजन
::: देश के कई प्रान्तों से भाग लेंगे साहित्यकार
सीतामढ़ी : जनक सुता मां सीता की पावन प्राकट्य स्थली सीतामढ़ी में अखिल भारतीय साहित्य परिषद, बिहार की ओर से ” साहित्य संवर्धन यात्रा 2022 ” ( भारत – नेपाल ) का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम संयोजक सह संगठन की प्रदेश सचिव डॉ मीनाक्षी मीनल और संगठन मंत्री सीतामढ़ी वाल्मीकि कुमार ने संयुक्त रूप से इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के तहत भारत वर्ष के विभिन्न प्रांतों से दर्जनाधिक राष्ट्रीय स्तर के साहित्य मनीषियों का आगमन होना है। इनका उद्देश्य सीता जन्म स्थली के विभिन्न धार्मिक महत्व के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करना और विशेष महत्वपूर्ण जानकारी संग्रह कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पावन भूमि के संदर्भ में प्रचार – प्रसार करना है। साथ ही मिथिलांचल के सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों को गति प्रदान करना है। आगामी 20 नवंबर 2022 को यात्रा में शामिल अतिथियों का सीतामढ़ी आगमन शुरू हो जाएगा। जहाँ सभी के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

21 नवंबर 2022 ( सोमवार ) को रेडक्रॉस भवन, सीतामढ़ी के सभागार में ” शक्ति का प्रकाशपुंज : माँ सीता ” विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी सह सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। साथ ही साहित्य संवर्धन यात्रा का विधिवत श्रीगणेश किया जाएगा। यात्रा के तहत नेपाल के जनकपुर धाम में भी कार्यक्रम होना है। जिसमे दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात व मध्यप्रदेश समेत अन्य प्रान्तों से आये सभी अतिथि शामिल होंगे। समापन समारोह 23 नवंबर 2022 को सीतामढ़ी में होगा। राष्ट्रीय संगोष्ठी के उदघाटन सत्र और सम्मान समारोह में सांसद सुनील कुमार पिंटू, पूर्व सांसद सीताराम यादव, विधायक गायत्री देवी, पूर्व विधायक गुड्डी देवी और राम नरेश प्रसाद यादव समेत कई गणमान्य अतिथि भाग लेंगे।


