अमित कुमार की रिपोर्ट
सीतामढ़ी, सोमवार से नगर निगम क्षेत्र के चिन्हित 92 स्कूलों के बच्चो को एनजीओ के माध्यम से गर्मागर्म भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। स्वयं सेवी संस्था नव प्रयास को जिले के 92 चिन्हित विद्यालयों में नियमानुकूल मेनू के अनुसार मध्याहन भोजन आपूर्ति करने का आदेश दिया गया है।
शिक्षा विभाग के मध्याह्न भोजन योजना समिति द्वारा संस्था को शर्तो के साथ स्कूल में भोजन पहुंचाने की स्वीकृति दे दी गई है। संस्था को संबंधित स्कूलों की सूची उपलब्ध कराते हुए प्रभारी एमडीएम डीपीओ सह डीईओ डॉ. अमरेन्द्र कुमार पाठक ने पीएम पोषण योजना के निदेशालय के गाइडलाइन के अनुरुप स्टील के बर्तन में बंद व सुरक्षित वाहन से अधिकृत व्यक्ति द्वारा संबंधित स्कूलों में हेडमास्टर की उपस्थिति में गरमा-गरम भोजन हस्तगत कराने को कहा है। विभाग द्वारा संस्था को केन्द्रीयकृत रसोईधर के संचालन व्यवस्था व सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिया गया है। केन्द्रीयकृत रसोईघर सीसीटीवी व सुरक्षा के मानको से लैस होगा। भोजन पकाने से लेकर बच्चों को इसे परोसने तक का समय चार घंटा से अधिक नहीं होगा। स्कूलों में खाना देते समय इसका तापमान कम से कम 65 डिग्री सेल्सियस पर होगा।विदित हो कि एनजीओ के माध्यम से नगर के 92 स्कूलों के करीब 26 हजार बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जायेगा।
