ब्यूरो रिपोर्ट
पटना : सरकारी विद्यालयों के निरीक्षण की अब स्थाई व्यवस्था होगी। इसके लिए मॉनिटरिंग अभियान को मॉनिटरिंग व्यवस्था में बदल दिया गया है। इसके तहत अब सरकारी विद्यालयों का नियमित मॉनिटरिंग किया जाएगा। जिलों के डीएम को इसका टास्क सौंपा गया है। इस संबंध में बुधवार को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के के पाठक ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने विद्यालयों के निरीक्षण अभियान को स्थाई निरीक्षण व्यवस्था में बदलने की जानकारी दी है। जिलाधिकारियों को भेजे पत्र में अपर मुख्य सचिव ने उनसे कहा है कि विद्यालय निरीक्षण अभियान को आशातीत सफलता मिली है। इसीलिए इस निरीक्षण अभियान को निरीक्षण व्यवस्था में बदला जा रहा है। ऐसे में वे प्रत्येक माह इस व्यवस्था के अनुसार निरीक्षण का रोस्टर स्थायी रूप से निर्गत करें। ताकि विद्यालय का निरीक्षण स्थायी प्रक्रिया बने। उन्होंने इसके लिए रोस्टर बनाकर काम करने का निर्देश दिया है।