सीतामढ़ी से बंदना मिश्रा के साथ व्यूरो रिपोर्ट
सीतामढ़ी जिले के अंतर्गत परिहार प्रखंड के मध्य विद्यालय मलहाटोल की शिक्षिका प्रियंका कुमारी की एक कविता को ओएमजी बुक औफ रिकार्ड ने ‘भारत @75’ नामक पुस्तक के लिए चयनित किया है।
इस पुस्तक में देशभर के 75 कवियों की 75 कविताएं शामिल हुई हैं। उसके लिए देश भर से रचनाएं आमंत्रित की गई थी। सैकड़ों रचनाओं में से जिन 75 कवियों का चयन हुआ, उनमें सीतामढ़ी की प्रियंका का भी नाम शामिल है। शिक्षिका सह कवियत्री प्रियंका ने बताया कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यनीति ‘अभिनव भारत@75’ से प्रेरित देश प्रेम को समर्पित काव्य संग्रह है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर 75 कवियों में उनकी रचना का चयन होना उनके लिए खुशी की बात है। निर्णायक मंडली में पुस्तक के संपादक मंडल की दीपा मिश्रा (मध्य प्रदेश) राजीव कुमार झा (बिहार) प्रीति चौधरी (उत्तर प्रदेश) लक्ष्मण सिंह त्यागी (राजस्थान) एवं प्रेरणा बारिश (नई दिल्ली) शामिल थे।


बताते चलें कि इस वर्ष प्रियंका के साहित्यिक योगदान के लिए प्राची डिजिटल पब्लिकेशन द्वारा “नारी शब्द शक्ति सम्मान-2022” तथा “अभिलाषा रचनाकार-2022” उपाधि से सम्मानित किया गया है। इसके अतिरिक्त नवजागरण प्रकाशन दिल्ली द्वारा प्रियंका की पुस्तक “उलझनें” भी प्रकाशित हुई हैं। श्रीमती प्रियंका लगातार सीतामढ़ी में शिक्षिकाओं को डिजिटल माध्यम से सशक्तिकरण के कार्य के साथ दलित बस्तियों में शिक्षा का अलख जगाने का भी कार्य कर रही है।प्रियंका के इस उपलब्धि पर बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष प्रकाश कुमार, जिला महासचिव मधुरेंद्र नारायण, जिला वरीय उपाध्यक्ष राम बाबू ठाकुर सहित सभी संघीय पदाधिकारियों ने भी शुभकामनाएं दी है