
गया: भारत सरकार के केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने गया के ऐतिहासिक विष्णुपद मंदिर में पूजा अर्चना की। मंदिर के गर्भ गृह में विष्णु चरण की पूजा-अर्चना करते हुए उन्होंने काफी समय बिताया। पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के साथ उनका धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। मंदिर से निकलने के बाद पत्रकारों ने जब राजनीतिक गतिविधि पर सवाल किया तो बोले की बहुत दिनों से मन में इच्छा थी कि भगवान विष्णु का दर्शन करें। परंतु कोरोना के कारण मंदिर बंद रहने के कारण उनकी तमन्ना पूरी नहीं हो सकी थी। आज उन्होंने भगवान विष्णु से देश की खुशी और समृद्धि की कामना की है।
उत्तर प्रदेश में चुनाव जैसे मुद्दे से संबंधित पत्रकारों के सवाल पर वे चुप्पी साध गए। गया के चर्चित वजीरगंज स्टील प्रोसेसिंग प्लांट को लेकर पूछे गए सवाल का भी गोल-मटोल जवाब देकर निकल गए। बताते चले की आज राजगीर से गया होते हुए केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह औरंगाबाद जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। वहां से देर संध्या वापसी के क्रम में गया शहर के विष्णुपद मंदिर पहुंचे थे।
केंद्रीय मंत्री के साथ धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य चंदन सिंह, पूर्व विधायक अभय कुशवाहा, जदयू नेता पुष्पेंद्र पुष्प, जेडीयू के एमएलसी मनोरमा देवी, डुल सिंह सहित अन्य नेतागण मौजूद थे।

