सीतामढ़ी से अमित की रिपोटर
सीतामढ़ी. जिला मुख्यालय, डुमरा स्थित एक होटल में सोमवार को मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्षों, प्रमुख व मुखियाओं की एक बैठक हुई, जिसमें जिला मुखिया संघ के गठन पर विचार – विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता रीगा प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष विजेंद्र कुमार यादव ने किया। मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष के रूप में युवा मुखिया श्री भूषण के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे मुखियाओं ने तालियां बजाकर स्वीकार किया और अपनी सहमति दी। सर्वसम्मति से परिहार प्रखंड के नरंगा उत्तरी पंचायत के मुखिया भारत भूषण को संघ का जिलाध्यक्ष चुना गया।

जिलाध्यक्ष के चयन के पूर्व मुखिया श्री यादव ने कहा, बिना संघ के ताकत नही मिल सकता है।. अधिकार के लिए भी संघ एवं एकजुटता जरूरी है। उनका कहना था कि प्रशासन से सहयोग नही, बल्कि तरह-तरह की धमकियां मिलती है। जो काफी दुखदायी है। यहां तक कहा कि वे मुखियाओं के प्रति गलत सोच व मंशा रखने वाले अधिकारियों के प्रति निंदा का प्रस्ताव रखते है।. विभिन्न समस्याओं का निदान कराने की मांग को लेकर पहले डीएम और बाद में सीएम से मिलने का भी निर्णय लिया गया। संघ के नवमनोनीत जिलाध्यक्ष श्री भूषण ने मुखियाओं की सोच पर खरा उतरने का संकल्प व्यक्त किया।

उन्होंने पूरी ताकत से प्रशासन की गलत नीतियों का विरोध करने एवं हक व अधिकार के लिए संघर्ष करने की बात कही। चयनित जिलाध्यक्ष श्री भूषण ने कड़े अंदाज में कहा कि अधिकार मांगना नही, बल्कि छीनना पड़ेगा। जिला प्रशासन द्वारा मुखियाओं की सुरक्षा का ख्याल नही रखे जाने का भी मामला उठाया।. मौके पर मुखिया व प्रमुख प्रतिनिधि क्रमश: राम जानकी राय, अखिलेश मिश्रा, दिनेश राय, मनोज सिंह, राज नारायण राय, राकेश दास,पूर्व मुखिया सुबोध भगत व चुनचुन प्रसाद यादव ,जकीउल्लाह, नागेंद्र राय समेत अन्य मुखिया मौजूद थे। पूर्व मुखिया सुबोध भगत व चुनचुन प्रसाद यादव के प्रयास से संघ का गठन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।.



